पार्टी की रीति नीति को जनता तक पहुँचाने के साथ ही धन संग्रह करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट एवं प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली ने मसूरी में कार्यकर्ताओं का किया आह्वान
- पीएम मोदी ने अबकी बार आर्थिक आधार पर आरक्षण व जीएसटी में 40 लाख तक की छूट का झुनझुना तैयार किया: बिष्ट
- भाजपा व केंद्र सरकार की जुमलेबाजी के बारे में जनता को बतायें कार्यकर्ता: गोदावरी थापली
मसूरी। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी भी जोरशोर से चुनाव तैयारियों में जुट गयी है, जिसके तहत कांग्रेस पार्टी द्वारा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति नीति को जनता तक पहुँचाने के साथ ही धन संग्रह करने की जिम्मेदारी भी दी जा रही है। इसके मद्देनजर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट एवं प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली ने मसूरी पहुंचकर कांग्रेस कमेटी की बैठक में शिरकत की व कार्यकर्ताओं से आगामी आम चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार रहने का का आहवान किया।
शहीद स्थल स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित मसूरी कांग्रेस कमेठी की बैठक में शिरकत करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि आगामी आम चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ता तैयार रहें। उन्होंने मध्य प्रदेश व राजस्थान के विधानसभा चुनाव के अनुभव को कार्यकर्ताओं से साझा करते हुए कहा कि जिस तरह से कांग्रेस ने वहां जीत हासिल की है, उसी तर्ज पर उत्तराखंड में कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव में जनता के बीच जायें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी जनता को छलने के माहिर हैं। गत चुनाव में पीएम मोदी व भाजपा ने मंदिर के नाम पर वोट लिए थे, साथ ही कहा कि पीएम ने उस वक्त बड़ी चालाकी से जनता से 15 लाख खाते में आने का झूठा वादा तक कर डाला था और अब आर्थिक आधार पर आरक्षण व जीएसटी में 40 लाख तक की छूट का झुनझुना तैयार कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश में जब कही नौकरी नही, तो आरक्षण का क्या लाभ है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे चार साल में एक बार भी मीडिया का सामना नहीं कर पाये। वहीं संसद में भी राफेल के मुददे पर संसद में बोलने से बच रहे है, जब कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार उन्हें चुनौती देते रहे हैं।
बैठक में मौजूद कांग्रेस प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली ने कार्यकर्ताओं का आहवान करते हुए कहा आगामी लोक सभा चुनाव के लिए कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर कांग्रेस की रीति नीति के बारे में जानकारी देंने के साथ भाजपा व केंद्र सरकार की जुमलेबाजी के बारे में जनता को बतायें। उन्होंने कहा कि भाजपानीत मोदी सरकार साढे चार साल में देश को विकास के स्थान पर विनाश की ओर ले गये और आज आम जनता परेशान है। बेरोजगारी बढ़ी है, गरीब जनता जुमलेबाजी नही, बल्कि दो जून की रोटी चाहती है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ता बूथ स्तर पर निर्धारित धनराशि भी एकत्र करें, और भाजपा को करारी शिकस्त देंने के लिए कार्य करें।
कार्यक्रम को पूर्व विधायक जोत सिहं गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, जय प्रकाश उत्तराखंडी आदि ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अंत में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सतीश ढौडियाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए चुनाव तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं का आह्वान किया।
इस मौके पर महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष जसबीर कौर, छावनी उपाध्यक्ष महेशचंद, मेघ सिंह कंडारी, शिवानी भारती, माधुरी टम्टा, गौरव अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।